पीएम आवास मार्च के दौरान पुलिस ने लिया हिरासत में, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खड़गे समेत कई विपक्षी नेता भी रोके गए
New delhi । प्रधानमंत्री आवास की ओर निकाले गए विपक्ष के विरोध मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत के बाद पुलिस बस के अंदर से उनका एक वीडियो सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर लीं। वीडियो में अखिलेश यादव मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मियों से कहते नजर आते हैं, “कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?” उनका यह सहज और शांत अंदाज समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में अखिलेश यादव बस के अंदर बैठे दिखाई देते हैं। पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान उनके चेहरे पर मुस्कान बनी रहती है। इसके बाद वह बस के बाहर मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी करते हैं। कुछ ही देर में यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे साझा किया।
दरअसल, NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास तक मार्च का आह्वान किया था। इस प्रदर्शन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में पहुंचे थे। जैसे ही प्रदर्शन आगे बढ़ा, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं को जबरन रोका गया। पार्टी का कहना है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई की गई। इसी के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला गया था।
उधर, दिल्ली में अखिलेश यादव की हिरासत की खबर मिलते ही लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आए। हजरतगंज चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। दिल्ली और लखनऊ में हुई इन घटनाओं के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।


