Kanpur । अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में श्रमिकों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा (उत्तर) के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित शामिल हुए, जबकि एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर श्रम आयुक्त पी.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, डिप्टी डायरेक्टर फैक्ट्री सचिन यादव और सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल समेत श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों के रूप में उमंग अग्रवाल, मनोज बांका और बृजेश अवस्थी तथा श्रमिक प्रतिनिधियों के रूप में अनिल उपाध्याय और राम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। शुरुआत मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संबोधन से हुई, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना। इस दौरान संगठित व असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यशाला में श्रम कल्याण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता वितरित की गई। ज्योतिबा फुले श्रमिक कन्यादान योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये दिए गए, जबकि प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना के तहत दो लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत पांच श्रमिकों को 31 हजार और 26 हजार रुपये की सहायता दी गई। संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत भी बच्चों की शिक्षा के लिए लाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम का समापन श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें अधिक से अधिक लाभ दिलाने के संकल्प के साथ हुआ।


