Kanpur । सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित पीएसआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में सोमवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कॉलेज प्रशासन के नए आर्थिक नियम के विरोध में हजारों छात्र कैंपस में उतर आए। ‘अटेंडेंस पेनल्टी’ के नाम पर ₹20 हजार की अतिरिक्त सिक्योरिटी राशि और 90% से कम उपस्थिति पर इसे ज़ब्त करने के फैसले ने छात्रों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कॉलेज प्रबंधन ने हाल ही में आदेश जारी किया था कि प्रत्येक छात्र को ₹20,000 अतिरिक्त सिक्योरिटी जमा करनी होगी। शर्त यह थी कि यदि किसी छात्र की उपस्थिति 90% से कम रही, तो पूरी राशि जब्त कर ली जाएगी। छात्रों ने इसे अव्यावहारिक और “आर्थिक शोषण” करार देते हुए विरोध शुरू कर दिया।
सोमवार देर रात बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में इकट्ठा हुए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और हालात बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी कासिम आबिदी ने खुद मौके पर पहुंचकर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच मध्यस्थता की। घंटों चली बातचीत और छात्रों के सख्त रुख के बाद कॉलेज प्रबंधन ने विवादित फैसला तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा कर दी।
डीसीपी ने बताया कि सिक्योरिटी मनी और अटेंडेंस को लेकर विवाद था।
जिसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में छात्रों से चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।फैसला वापस लिए जाने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। फिलहाल कैंपस में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात रखा गया है।


