शव दफनाने से रोका, दो संदिग्ध हिरासत में; फेथफुलगंज चौकी प्रभारी निलंबित
Kanpur । छावनी के छवीलेपुरवा स्थित आजाद पार्क के पास गाय की हत्या का मामला बुधवार को तूल पकड़ गया। गाय की गला काटकर हत्या किए जाने की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता और हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। मामला तब और गरमा गया, जब लोगों को पता चला कि पुलिस शव को दफनाने की तैयारी कर रही है। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई रुकवा दी और जमकर विरोध जताया।

लोगों का आरोप था कि पुलिस ने शव को वाहन में रखवाकर पन्नी से ढक दिया और छावनी परिषद के टेंचिंग ग्राउंड में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफनाने की तैयारी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि मामले की पूरी जांच और आवश्यक प्रक्रिया के बिना शव को दफनाने की जल्दबाजी क्यों की जा रही थी। बिना लिखित अनुमति पोस्टमार्टम कराए जाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

हंगामे की सूचना पर कैंट एसीपी प्रियंका बाजपेई मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को दफन कराया। साथ ही निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।
लापरवाही पर गिरी गाज, चौकी प्रभारी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, फेथफुलगंज चौकी प्रभारी विकास शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आजाद पार्क के आसपास पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती थी। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

