दस दिन में व्यवस्था सुधारने की मोहलत, 28 नवंबर को फिर होगी जांच; लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी
Kanpur । चकरपुर मंडी में सफाई व्यवस्था की पोल खुलने पर मंडी निदेशक ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी और चोक नालियां मिलने पर उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने उपनिदेशक प्रशासन (विपणन) संजय कुमार सिंह और मंडी समिति के सचिव विजिन कुमार बालियान को नोटिस जारी कर दस दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि तय समय में सुधार नहीं हुआ तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। 28 नवंबर को निदेशालय की टीम दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल करेगी।

निदेशक ने मंडी परिसर की सभी नालियों की सफाई कराने, नियमित कूड़ा उठान और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 28 नवंबर को निदेशालय की टीम दोबारा मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करेगी।

निरीक्षण के दौरान पीपीपी मॉडल पर बन रहे दस सीटों वाले सार्वजनिक शौचालय की प्रगति भी देखी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, निर्माणाधीन नीलामी चबूतरे को 15 दिन में पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान निदेशक ने व्यापारियों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। व्यापारियों ने पेयजल के लिए अतिरिक्त वाटर कूलर लगवाने की मांग की। उनका कहना था कि मंडी में फिलहाल छह वाटर कूलर ही क्रियाशील हैं। इसके अलावा मंडी की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से होने के कारण इसे शहरी फीडर से जोड़ने की मांग उठाई। निदेशक ने दोनों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

