पीएसी क्लब ने केडीएमए को 56 रन से हराया, कुमार विनायक ने झटके चार विकेट
Kanpur । चौथे अजय शर्मा मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बुधवार को कानपुर साउथ और पीएसी क्लब ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। कानपुर साउथ की जीत के नायक हिमांशु सिंह रहे, जिन्होंने 27 गेंदों पर नाबाद 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं दूसरे मुकाबले में पीएसी क्लब ने केडीएमए को 56 रन से शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 110 रन बनाए। निशांत गौड़ ने 43 और प्रांजल शुक्ला ने 28 रन बनाए। कानपुर साउथ की ओर से सागर शर्मा, अकलव्य यादव, नवीन कुमार और सद्दाम हुसैन ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में कानपुर साउथ ने 9.4 ओवर में तीन विकेट पर 114 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। हिमांशु सिंह ने अपनी पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए। अमन यादव ने 21 गेंदों पर 33 रन बनाए।
दूसरे मुकाबले में पीएसी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 192 रन बनाए। अनमोल रतन मिश्रा ने 23 गेंदों पर 46, कुमार विनायक सिंह ने 26 गेंदों पर 44 और संदीप मित्तल ने 27 गेंदों पर 41 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडीएमए की टीम 20 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। कप्तान सतनाम सिंह ने 50, सत्याम दीक्षित ने 23 और सुधांशु चौरसिया ने 18 रन बनाए। पीएसी क्लब के कुमार विनायक सिंह ने चार विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

