भव्य गोयल के 171 रन से मेरठ पस्त, कानपुर के आदर्श ने 80 और अजीत ने बनाए 65 रन
Kanpur। 16वें अखिल भारतीय अबीस व साकिब रिजवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 (रिजवी कप) के खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए)ने मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन को 93 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में यूपी की जीत के नायक भव्य गोयल रहे, जिन्होंने 171 रन की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। वहीं, कानपुर के आदर्श सिंह और अजीत वर्मा ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया।
इलाहाबाद के रिजवी कॉलेज मैदान पर बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेरठ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज भव्य गोयल ने 120 गेंदों पर आठ छक्कों और 14 चौकों की मदद से 171 रन की शानदार पारी खेली। उनका बेहतरीन साथ देते हुए कानपुर के आदर्श सिंह ने 69 गेंदों पर चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 80 रन बनाए। वहीं, अजीत वर्मा ने महज 35 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्के जड़ते हुए 65 रन की तूफानी पारी खेली। 353 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की टीम यूपी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी।
हालांकि, संदीप तोमर ने 75 गेंदों पर आठ छक्कों और सात चौकों की मदद से 114 रन की शानदार शतकीय पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 40 ओवर में 259 रन बनाकर आउट हो गई और यूपी ने 93 रन से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। यूपी की ओर से नमन तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए।
हार्दिक चौधरी और देवांश चतुर्वेदी ने दो-दो विकेट झटके, जबकि दक्ष चंदेल, अजीत वर्मा और शौर्य सिंह को एक-एक सफलता मिली। शानदार शतकीय पारी के लिए भव्य गोयल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यूपी की खिताबी जीत में कानपुर के कोच मोहम्मद आमिर और कपिल पांडेय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर समेत अन्य सदस्य ने टीम व कोच को बधाई दी है।

