मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 18 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : किसान दिवस में डीएम ने सुनीं समस्याएं, मौके पर कराया निस्तारण
कानपुर

Kanpur : किसान दिवस में डीएम ने सुनीं समस्याएं, मौके पर कराया निस्तारण

Akash Chaudhary

खाद की उपलब्धता पर किसानों ने जताया संतोष, मॉडल फार्म में खेती के साथ मछली और मुर्गी पालन से बढ़ेगी आय

Kanpur । विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और किसान समेत 65 लोग मौजूद रहे।

#kanpur

 

किसानों से खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का फीडबैक लेते हुए डीएम ने नियमित निगरानी के निर्देश दिए। किसानों ने बताया कि वर्तमान में खाद मिलने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। डीएम ने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और किसानों को असुविधा से बचाने को कहा।
बैठक में एकीकृत कृषि प्रणाली से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रस्तावित मॉडल फार्म में खेती के साथ तालाब आधारित मछली पालन, मुर्गी और बतख पालन को शामिल किया जाएगा। इससे किसान कृषि के साथ अन्य गतिविधियों के जरिए अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल फार्म का निरीक्षण कर प्रगति और व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को भी कहा।

उप कृषि निदेशक डॉ. आरएस वर्मा ने गेहूं, राई, सरसों और दलहनी फसलों की उन्नत खेती की जानकारी दी। तिलहनी फसलों में जरूरत के अनुसार जिप्सम के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए। किसानों को पराली जलाने के बजाय खेत में सड़ाकर जैविक खाद बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला उद्यान अधिकारी ने टमाटर, बैंगन, लौकी, तोरई और करेला के निःशुल्क बीज उपलब्ध होने की जानकारी दी।

लतावर्गीय सब्जियों की मचान विधि से खेती करने की सलाह दी। नर्सरी तैयार करने में परेशानी होने पर किसान कन्नौज स्थित हाईटेक नर्सरी में बीज देकर एक रुपये प्रति पौध की दर से पौध तैयार करा सकते हैं।खाद की समस्या पर इन नंबरों पर करें शिकायत जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के हेल्पडेस्क नंबर 6393775438 और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारी समितियां कार्यालय के नंबर 9793183550 पर किसान खाद की उपलब्धता एवं वितरण संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।