लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक में हासिल किया पहला स्थान
Kanpur। बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में बुधवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें मंडल के छह जनपदों के विजेता प्रतिभागियों ने नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लोकनृत्य, पेंटिंग और कविता लेखन प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। कानपुर नगर ने लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान हासिल किया।
लोकनृत्य में कानपुर नगर प्रथम और कानपुर देहात द्वितीय रहा। लोकगीत में कानपुर नगर ने पहला, इटावा ने दूसरा और फर्रुखाबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में कानपुर नगर विजेता, औरैया उपविजेता और इटावा तीसरे स्थान पर रहा।
कविता लेखन में कन्नौज की मांसी राठौर प्रथम, कानपुर नगर के श्रेयांश कटियार द्वितीय और इटावा के हर्ष वर्मा तृतीय रहे। पेंटिंग में कानपुर नगर के आस्तिक चौधरी ने पहला, कानपुर देहात के अविराज ने दूसरा और औरैया के अत्र ने तीसरा स्थान हासिल किया।मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा मनोज कुमार द्विवेदी ने विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह, बीएनएसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पाठक, व्यायाम प्रशिक्षक धीरेंद्र सिंह यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक कुमार सिंह, अमित कुमार और अंशिता श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में कविता, मंजू, रेनु निगम, अमिता शुक्ला, विपिन निगम और राजकुमार सिंह शामिल रहे।
