मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 18 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : स्मैक को ‘कपड़ा’ और ग्राम को ‘मीटर’ बोलकर चलाते थे नशे का कारोबार
कानपुर

Kanpur : स्मैक को ‘कपड़ा’ और ग्राम को ‘मीटर’ बोलकर चलाते थे नशे का कारोबार

Akash Chaudhary

 

बाराबंकी से कानपुर समेत कई जिलों तक फैला था तस्करों का नेटवर्क, चार गिरफ्तार; 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद

 

Kanpur।  नशे के कारोबार में पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्करों ने अपनी अलग ही भाषा बना रखी थी। फोन पर होने वाली बातचीत में स्मैक को ‘कपड़ा’ और ग्राम को ‘मीटर’ कहा जाता था। इस कोडवर्ड के जरिए तस्कर माल का ऑर्डर लेते और सप्लाई करते थे। बाहर से सुनने वाले को बातचीत सामान्य लगती थी, लेकिन गिरोह के सदस्यों के बीच इन शब्दों का मतलब नशे की खेप और उसकी मात्रा से था। बजरिया पुलिस ने मंगलवार देर रात ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद हुआ है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कर्नलगंज निवासी आशू सोनकर, बाराबंकी के जैतपुर निवासी रामचंद्र और मकसूद तथा सुधिया मऊ निवासी मुन्ना शामिल हैं। पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपित बाराबंकी से मादक पदार्थ लाकर कानपुर समेत आसपास और दूसरे जिलों में सप्लाई करते थे। उनका नेटवर्क अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज तक फैला हुआ था।

शहर के कई इलाकों में पहुंचाते थे नशा

 

पुलिस के मुताबिक, आशू सोनकर शहर में नशे की खेप पहुंचाने का काम करता था। वह बारादेवी, चुन्नीगंज, साकेत नगर, बर्रा, नौबस्ता और मछरिया समेत कई इलाकों में सप्लाई करता था। वहीं, रामचंद्र अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज समेत दूसरे जिलों में माल पहुंचाता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन इलाकों में गिरोह के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और नशे की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी।

क्यूआर कोड से लेते थे भुगतान

तस्करों ने कारोबार में भुगतान का तरीका भी बदल रखा था। ग्राहकों से रुपये लेने के लिए जनसेवा केंद्रों के क्यूआर कोड भेजे जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपित एक ग्राम स्मैक से 12 से 14 पुड़िया बनाकर 300 रुपये में बेचते थे। इस तरह छोटे-छोटे स्तर पर नशे की बिक्री का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और बाराबंकी से मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और जांच के जरिए नशे के इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे चेहरों का भी खुलासा हो सकेगा।