मटर, काजू और मूंगफली का स्वाद लेकर बोले बच्चे- खूब मजेदार था खाना
Kanpur । कभी थाली में दाल-रोटी तो कभी सब्जी-चावल, लेकिन शुक्रवार को स्कूल की भोजन की थाली में कुछ अलग था। गरमागरम नमकीन हलवा यानी रवा का उपमा देखकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मटर, टमाटर, प्याज, मूंगफली और काजू से सजे उपमा का स्वाद बच्चों को खूब भाया। किसी ने चाव से खाया तो किसी ने दोबारा लेने की इच्छा जताई।

कल्याणपुर स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पुरवा हरि सिंह देव में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विशेष भोजन के रूप में उपमा तैयार कराया गया था। बड़े थालों में सजा उपमा बच्चों के बीच परोसा गया। विद्यालय परिसर में कतारों में बैठकर छात्र-छात्राओं ने भोजन का आनंद लिया। शिक्षकों और रसोइयों ने भी बच्चों को प्यार से खाना परोसा।विशेष भोजन का स्वाद चखकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों ने उपमा को स्वादिष्ट बताते हुए स्कूल में मिलने वाले भोजन की तारीफ की।
प्रधानाध्यापक यशमीन जहां ने बताया कि शासन की मंशा बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने की है। इसके लिए निर्धारित मेन्यू में समय-समय पर बदलाव कर नए व्यंजन शामिल किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों को भोजन में विविधता मिले और उनका शारीरिक व मानसिक विकास बेहतर हो।इस मौके पर कल्पना भार्गव, नीतू चौरसिया, अर्चना आर्या, लक्ष्मी, अलका, पद्मनी, प्रमोद, पुष्पा, विश्वजीत और रेनू मौजूद रहे।

