सीनियर चयन समिति का बनाया गया चेयरमैन, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 14 नवंबर से होगा टीम चयन
Kanpur । प्रदेश की बैडमिंटन टीम के चयन की अहम जिम्मेदारी एक बार फिर शहर के वरिष्ठ प्रशिक्षक सुशील गुप्ता को मिली है। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने उन्हें सीनियर चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। 41 वर्षों से बैडमिंटन से जुड़े सुशील गुप्ता अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की पुरुष और महिला टीम की कमान संभालने वाले खिलाड़ियों का चयन करेंगे।
लखनऊ स्थित एसोसिएशन कार्यालय में 14 और 15 नवंबर को चयन प्रक्रिया आयोजित होगी। इसी के आधार पर उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम तैयार की जाएगी। योनिक्स-सनराइज 88वीं सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 17 से 24 दिसंबर तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में प्रस्तावित है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।सुशील गुप्ता लंबे समय से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ बैडमिंटन की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
वर्तमान में वह स्वरूप नगर स्थित कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स अकादमी में चीफ हेड बैडमिंटन कोच हैं। उनके प्रशिक्षण में कई खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं।उनकी नियुक्ति पर अकादमी के चेयरमैन डॉ. डीसी गुप्ता, शुभम चड्ढा, आरके गुप्ता, संजय प्रजापति, अनुज गौतम, योगेश बिष्ट, देविशा यादव और गौरव सोनकर ने प्रसन्नता जताई। खिलाड़ियों और अभिभावकों ने भी उन्हें बधाई दी।

