मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 13 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : सीएसजेएमयू मैदान पर जनवरी से क्रिकेट का नया अध्याय
खेल

Kanpur : सीएसजेएमयू मैदान पर जनवरी से क्रिकेट का नया अध्याय

Akash Chaudharyअपडेट: November 13, 2026

छह आउटडोर टर्फ और तीन इनडोर पिचें बन रहीं, अंडर-16 से अंडर-19 तक के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण का मौका

 

Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का क्रिकेट मैदान जनवरी 2027 से खिलाड़ियों के अभ्यास और क्रिकेट गतिविधियों के लिए प्रारंभ हो जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) यहां जूनियर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर के साथ क्रिकेट गतिविधियों का आगाज करेगा। मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए छह आउटडोर टर्फ और तीन इनडोर टेराफ्लेक्स अभ्यास पिचें तैयार कराई जा रही हैं। दिसंबर के अंत तक पिचों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दरअसल, सीएसजेएमयू और यूपीसीए के बीच 16 अक्तूबर को विश्वविद्यालय के क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स हॉस्टल के संचालन व उपयोग को लेकर 10 साल के अनुबंध पर सहमति बनी थी। इसके बाद यूपीसीए ने अपने खर्च पर मैदान को विकसित करने का काम शुरू करा दिया। पिचों के निर्माण और उनकी गुणवत्ता की निगरानी की जिम्मेदारी पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह संभाल रहे हैं। मैदान पर अलग-अलग परिस्थितियों में खिलाड़ियों को अभ्यास कराने के लिए सात तरह के टर्फ विकेट तैयार किए जा रहे हैं।

इनमें महाराष्ट्र की लाल मिट्टी, ओडिशा के कालाहांडी की काली मिट्टी, लाल और काली मिट्टी के मिश्रण के साथ उन्नाव की काली मिट्टी से बनी पिचें शामिल हैं। मैदान की आउटफील्ड बेहतर स्थिति में है। पिचों का काम पूरा होते ही मैदान क्रिकेट गतिविधियों के लिए तैयार हो जाएगा।

अंडर-16 से अंडर-19 तक के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि जनवरी में 10 से 15 दिन के जूनियर क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर से मैदान की शुरुआत होगी। इसमें अंडर-16 से अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किए जाने की योजना है।

शिविर के दौरान पिचों के व्यवहार और आउटफील्ड की गुणवत्ता को भी परखा जाएगा। यूपीसीए की योजना वर्ष 2027 में इस मैदान पर बीसीसीआई के घरेलू मुकाबले आयोजित कराने की है। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर को मैदान की तैयारियों के परीक्षण के रूप में भी देखा जा रहा है।