मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 13 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : बेटियों की शादी में आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा, 1158 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य तय
कानपुर

Kanpur : बेटियों की शादी में आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा, 1158 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य तय

Akash Chaudharyअपडेट: November 13, 2026

नवंबर के अंतिम सप्ताह में बजेगी शहनाई, वधू के खाते में आएंगे 64 हजार रुपये, 21 हजार की मिलेगी उपहार सामग्री

Kanpur । गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी अब आर्थिक तंगी के चलते नहीं रुकेगी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवंबर के अंतिम सप्ताह में शहर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने की तैयारी है। समाज कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1158 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 64 हजार रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी से जुड़ी उपहार सामग्री दी जाएगी। वहीं, 15 हजार रुपये विवाह समारोह की व्यवस्थाओं पर खर्च होंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि नवंबर के चौथे सप्ताह में समारोह आयोजित होने की संभावना है। इसके लिए पात्र परिवार विवाह की निर्धारित तिथि से एक सप्ताह पहले तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

 

तीन लाख रुपये तक आय वाले परिवार पात्र

योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के मूल निवासी उन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं है। विवाह के समय कन्या की उम्र कम से कम 18 वर्ष और वर की उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए। योजना में अविवाहित बेटियों के साथ विधवा, परित्यक्ता और कानूनी रूप से तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह की भी व्यवस्था है। निराश्रित कन्याओं, विधवा महिलाओं की बेटियों और दिव्यांग अभिभावकों की पुत्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जनसुविधा केंद्र से भी कर सकेंगे आवेदन
आवेदन के लिए आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति और अन्य जरूरी दस्तावेज देने होंगे। अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र भी लगाना होगा। इच्छुक परिवार विभागीय पोर्टल https://cmsvy.upsdc.gov.in⁠ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जनसुविधा केंद्र, लोकवाणी केंद्र और इंटरनेट कैफे से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

जनवरी तक निर्धारित हैं विवाह के शुभ मुहूर्त
विभाग ने नवंबर में 21, 24, 25 और 26 नवंबर, दिसंबर में 1, 2, 3, 4, 11, 12 और 13 दिसंबर तथा जनवरी 2027 में 18, 19, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 30 और 31 जनवरी को विवाह के लिए शुभ तिथियां निर्धारित की हैं।