सचेंडी गांव में किसान के खेत पर कराया गया प्रयोग, 43.3 वर्गमीटर में 25.5 किलो धान की पैदावार
Kanpur । जिले में धान की पैदावार का आकलन करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सचेंडी गांव में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। किसान के खेत में निर्धारित क्षेत्रफल पर फसल की कटाई और तौल कराई गई। इसमें 25.500 किलोग्राम धान की उपज मिली। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन करीब 50 क्विंटल आंका गया।

क्रॉप कटिंग का प्रयोग किसान रामहेत के गाटा संख्या 1450 में किया गया। निर्धारित मानकों के अनुसार 43.3 वर्गमीटर के त्रिभुजाकार प्लॉट में धान की फसल कटवाई गई। इसके बाद मौके पर ही उपज की तौल कराई गई। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को देखा और अधिकारियों से उत्पादन के आकलन की जानकारी ली।
डीएम ने निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाए। इसमें कटाई से लेकर उपज की तौल तक विशेष सावधानी बरती जाए, जिससे फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े सामने आ सकें। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े फसलों की वास्तविक उत्पादकता जानने में महत्वपूर्ण होते हैं। इनके आधार पर कृषि और फसल बीमा से जुड़े आकलन भी किए जाते हैं।इस दौरान तहसीलदार विनय कुमार द्विवेदी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी कीर्ति दुबे, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

