Kanpur । चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल झपटकर फरार होने वाले दो शातिर चोरों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि बुधवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास मुरे कंपनी पुल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शिवम भौमिक उर्फ भालू निवासी गोविंद नगर और विक्रम सांसी निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे आउटर पर ट्रेनों की रफ्तार कम होने का इंतजार करते थे। इसके बाद खिड़की या दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान झपटकर फरार हो जाते थे।
जीआरपी के अनुसार बरामद मोबाइल चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं। जांच में यह भी सामने आया कि शिवम भौमिक के खिलाफ चोरी व अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विक्रम सांसी पर भी पहले से चोरी का मामला दर्ज है।जीआरपी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं वे किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं।


