Kanpur । कहीं मंगल गीतों की गूंज तो कहीं पूजा की थाली सजाए महिलाओं का उत्साह। तुलसी माता के विवाह का अवसर था, इसलिए ट्विन टावर अपार्टमेंट का माहौल किसी पारंपरिक शादी समारोह से कम नहीं नजर आया। शारदा नगर में गुरुदेव पैलेस के निकट स्थित ट्विन टावर अपार्टमेंट में तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह हर्षोल्लास और धूमधाम से संपन्न हुआ।

इस विशेष आयोजन में महिलाओं ने तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाया। भगवान शालिग्राम को भी आकर्षक ढंग से विराजमान कर विवाह की परंपरागत रस्में निभाई गईं। पूजा-अर्चना के बीच विवाह का माहौल बना तो महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं। हर ओर श्रद्धा और भक्ति का रंग दिखाई दिया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी-शालिग्राम विवाह को सुख-समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने तुलसी माता और भगवान शालिग्राम की पूजा कर अपने परिवार की खुशहाली और पति की दीर्घायु की मंगल कामना की। आयोजन ने अपार्टमेंट परिसर में धार्मिक परंपराओं और सामूहिक उत्सव की सुंदर छटा बिखेर दी।

