कार्यकर्ता बैठक में तैयारियों की समीक्षा, आगंतुकों से आत्मीय व्यवहार और अनुशासन पर जोर
Kanpur । हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का शुभारंभ भगवान तिरुपति के पावन रथ के आगमन से होगा। तिरुपति देवस्थान से रथ कानपुर पहुंचेगा, जो मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मेला भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सेवा परंपरा को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है।

आयोजन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ता जिम्मेदारी और समर्पण से काम करें।मेले के सचिव एवं सह सचिव शम्भू जी ने प्रस्तुतीकरण के जरिए स्टॉल, कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार और आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां बताईं। राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी ने विभिन्न आयामों के प्रमुखों और सह-प्रमुखों को जिम्मेदारी सौंपते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेले में आने वाले लोगों के साथ आत्मीयता और विनम्रता से पेश आने की अपील की। कहा कि आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान करना और उन्हें असुविधा से बचाना सभी की जिम्मेदारी है।

प्रांत संघ चालक भवानी भीख जी ने सामूहिक प्रयास, अनुशासन और आपसी विश्वास को आयोजन की सफलता का आधार बताया। महानगर संयोजक नवेंदु शुक्ल ने कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर एक परिवार की तरह काम करने की अपील की। बैठक में संजीव दीक्षित, अमरनाथ, सत्येंद्र मिश्रा, राजेंद्र कुमार शुक्ल, ब्रज मोहन सिंह, पंकज श्रीवास्तव, हरेंद्र मुर्झानी, डॉ. राहुल मिश्रा, शैलजा रावत, गौरांग और हरिओम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

