बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए दो चरणों में होगा आकलन, 30 नवंबर तक भेजना होगा रोस्टर
Lucknow । परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सीखने की क्षमता और बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए योगी सरकार ने निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 की तैयारियां तेज कर दी हैं। निपुण भारत मिशन के तहत होने वाले इस आकलन में बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षताओं को प्रमुखता से परखा जाएगा। मूल्यांकन दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में दो चरणों में होगा। इसके लिए विद्यालयों का रोस्टर तैयार करने, सत्यापन कराने और संबंधित अधिकारियों व कार्मिकों को प्रशिक्षण देने की विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पहला चरण 21 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी के बीच प्रस्तावित है। आकलन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर संस्थान स्तर तक जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इसका उद्देश्य केवल बच्चों की उपलब्धियों का आकलन करना नहीं, बल्कि उनके सीखने के स्तर को समझकर आगे सुधार के लिए जरूरी कदम उठाना भी है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 नवंबर से शुरू होगा। इस दिन सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक रोस्टर निर्माण प्रक्रिया पर ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें डायट के नोडल अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक प्रशिक्षण, जिला समन्वयक निपुण भारत मिशन और समग्र शिक्षा के एसआरजी सदस्य शामिल होंगे। प्रशिक्षण राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से दिया जाएगा।
27 नवंबर को रोस्टर सत्यापन, प्रशिक्षण प्रतिवेदन तैयार करने, आकलन प्रक्रिया के क्रियान्वयन और निपुण लक्ष्य ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। इसमें सभी जनपदों के जिला समन्वयक प्रशिक्षण, प्रभारी जिला समन्वयक और नवचयनित एसआरजी सदस्य प्रतिभाग करेंगे। वहीं, 30 नवंबर को एससीईआरटी में निपुण भारत मिशन पर अभिमुखीकरण और ऐप के माध्यम से अभ्यास कराया जाएगा।
डायट में भी प्रशिक्षण की तैयारी
प्रशिक्षण अभियान को जिला स्तर तक विस्तार देने के लिए तीन और चार दिसंबर को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, जिला समन्वयक, एसआरजी सदस्य, एआरपी और डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 दिसंबर को आकलन से पहले रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित होगा, ताकि संबंधित अधिकारी और कार्मिक प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह तैयार रहें।
30 नवंबर तक भेजना होगा विद्यालयों का रोस्टर
विद्यालयों की सूची पीटीएमएफ के रूप में उपलब्ध कराते हुए डायट प्राचार्यों के माध्यम से रोस्टर तैयार कराया जाएगा। सभी विद्यालयों का तैयार रोस्टर 30 नवंबर तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है। प्रशिक्षण और ऑनलाइन बैठकों के लिंक अलग से साझा किए जाएंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि निपुण विद्यालय आकलन के माध्यम से बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं का आकलन कर उनके सीखने के स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। रोस्टर निर्माण, सत्यापन और प्रशिक्षण की सुव्यवस्थित प्रक्रिया से आकलन का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा, ताकि प्रत्येक बच्चे कक्षा के अनुरूप दक्षताएं हासिल कर सके।

