मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSunday, 8 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : विकास की किरण अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : केशव मौर्य
कानपुर

Kanpur : विकास की किरण अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : केशव मौर्य

Akash Chaudharyअपडेट: June 17, 2026

12 वर्ष विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ थीम पर बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में लगी प्रदर्शनी, 20 जून तक आमजन के लिए रहेगी खुली

Kanpur । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित विकास प्रदर्शनी आम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास परियोजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका शुभारंभ किया।

#kanpur

योजनाओं की जानकारी लेने उमड़ रहे लोग

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अधिकारी और कर्मचारी लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की पात्रता और लाभ के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

#kanpur

विकास कार्यों की दिखाई जा रही झलक
प्रदर्शनी में कानपुर नगर में बीते वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। मेट्रो परियोजना, सड़क निर्माण, ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास और शहरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आकर्षक मॉडल और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। शहर की दसों विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की अलग-अलग जानकारी भी लोगों को दी जा रही है।

विकसित भारत के संकल्प पर जोर
उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब जनता भी विकास यात्रा में भागीदार बनेगी। ऐसे आयोजन सरकार और जनता के बीच संवाद का माध्यम बनते हैं तथा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग का विशेष आकर्षण
प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां आयोजित विद्यारंभ, अन्नप्राशन और गोदभराई जैसे संस्कार कार्यक्रमों में भी उपमुख्यमंत्री ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का सशक्तिकरण समाज के विकास की आधारशिला है।

फूड कोर्ट और अन्य स्टॉलों में भी भीड़
प्रदर्शनी में नगर निगम, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, मिशन शक्ति, पराग डेयरी, खादी एवं ग्रामोद्योग समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं फूड कोर्ट में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। परिवारों के साथ पहुंचे लोग प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद ले रहे हैं।

20 जून तक रहेगा आयोजन
प्रशासन के अनुसार विकास प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देकर उन्हें उनका लाभ दिलाना है। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों के प्रदर्शनी में पहुंचने की संभावना है।