कानपुर-गोरखपुर मैच में नहीं फेकी जा सकी एक भी गेंद
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आखिरी लीग मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया। कानपुर सुपरस्टार और गोरखपुर लॉयंस के बीच 7.30 बजे से होने वाले इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका और रात 10.48 बजे मैच रैफरी ने मैच को कॉल ऑफ करने का फैसला किया। इस मैच में दोनों टीमों के एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। हालांकि यह मैच एक औपचारिक्ता मात्र ही बचा था क्योंकि दोनों ही टीमें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी।
अंक तालिका में गोरखपुर ने 10 मैचों में सात अंक लेकर पांचवां और कानपुर ने पांच अंक लेते हुए छठवां स्थान हासिल किया। यह मैच भले ही बारिश की भेंट चढ़ गया हो लेकिन चेयरमैन डा.संजय कपूर और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का मैदान के चारों तरफ चक्कर लगाकर अभिवादन किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गयी। इससे पहले मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांड्यन और डा. कपूर ने सभी ग्राउंड्समैन को भी सम्मानित किया।
जिसमें 2 स्थायी ग्राउंड स्टाफ को 2100, 45 अस्थायी स्टाफ को 500 रुपए के साथ सभी को टीशर्ट व ट्राउजर दिया गया। इसके अलावा चार ऑफिस स्टाफ को 5100 रुपए व शूट लेंथ प्रदान की गयी।


