Kanpur । हरसहाय कॉलेज में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय अंतरविद्यालय आमंत्रण खो-खो प्रतियोगिता में एसआर एजुकेशन सेंटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वर्गों के फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के अंडर-14 और अंडर-17 मुकाबले खेले गए। चारों वर्गों के फाइनल मुकाबले शुक्रवार को होंगे।

अंडर-14 बालक वर्ग में एसआर एजुकेशन सेंटर ने सरदार पटेल पब्लिक स्कूल को 11 अंकों से हराया। सेमीफाइनल में टीम ने कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल को चार अंकों और एक पारी से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। इसी वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में यूपी किराना स्कूल ने सुमित बंसल पब्लिक स्कूल को चार अंकों और एक पारी से हराया।

अंडर-17 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में एसआर एजुकेशन सेंटर ने सरदार पटेल पब्लिक स्कूल को 12 अंकों और एक पारी से पराजित किया। यूपी किराना स्कूल ने चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल को तीन अंकों और एक पारी से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
बालिका अंडर-14 वर्ग में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल ने द डॉन बॉस्को स्कूल को सात अंकों से हराया। अंडर-17 बालिका वर्ग में चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल ने कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल को एक अंक और एक पारी से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन हर सहाय महाविद्यालय के प्राचार्य अमर श्रीवास्तव और हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल श्वेता गुप्ता ने किया। मंच संचालन आनंद कुमार ने किया। निर्णायक की भूमिका आनंद कुमार, रामजी प्रजापति, मुकेश सोनकर, अभिमन्यु सिंह, अक्षय सिंह तोमर और दीपक ने निभाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर जिला खो-खो संघ के संरक्षक रणवीर सिंह मलिक, डॉ. स्वदेश श्रीवास्तव और डॉ. सुशील श्रीवास्तव मौजूद रहे। आयोजन सचिव कैलाश वर्मा ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।


