Kanpur । हर सहाय कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय अंतरविद्यालय आमंत्रण खो-खो प्रतियोगिता में यूपी किराना स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। शुक्रवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन चारों वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। यूपी किराना स्कूल ने अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग में खिताबी जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। एसआर एजुकेशन सेंटर उपविजेता और कैंब्रिज पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में यूपी किराना स्कूल ने एसआर एजुकेशन सेंटर को छह अंकों से पराजित किया। अंडर-17 बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में भी यूपी किराना स्कूल का दबदबा रहा। टीम ने एसआर एजुकेशन सेंटर को सात अंकों और एक पारी से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
बालिका वर्ग के अंडर-14 फाइनल में कैंब्रिज पब्लिक स्कूल ने दमदार खेल दिखाते हुए सरदार पटेल पब्लिक स्कूल को 10 अंकों और एक पारी से शिकस्त दी। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल ने एसआर एजुकेशन सेंटर को 14 अंकों और एक पारी से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
ये चुने गए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक वर्ग में यूपी किराना स्कूल के अविरल यादव और बालिका वर्ग में कैंब्रिज पब्लिक स्कूल की खुशी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। अंडर-17 बालक वर्ग में यूपी किराना स्कूल के आर्यन गुप्ता और बालिका वर्ग में चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल की मान्यता बाजपेई को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।

समापन समारोह में क्षेत्रीय पार्षद गोविंद मोहन शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर जिला खो-खो संघ के संरक्षक रणवीर सिंह मलिक, डॉ. स्वदेश श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश तिवारी और संघ के महासचिव विपिन कुमार सोनकर उपस्थित रहे। आयोजन सचिव कैलाश वर्मा ने अतिथियों, टीम कोचों, मैनेजरों और निर्णायकों के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता में आनंद कुमार, रामजी प्रजापति, मुकेश सोनकर, अभिमन्यु सिंह, अक्षय सिंह तोमर और दीपक ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


