एक लाख रुपये की इनामी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबलों के साथ समापन, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
Kanpur । दो दिवसीय फर्स्ट तारुगा एक लाख रुपये की कैश प्राइज मनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का रविवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। बालक अंडर-11 वर्ग के फाइनल में अभिराज सिंह ने रियान जैन को 8-15, 15-5, 15-9 से हराकर खिताब जीता। अंडर-15 एकल वर्ग में श्रियांशु रंजन ने कार्तिक शुक्ला को सीधे सेटों में 15-10, 15-9 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में आयुष कुमार ने मोहम्मद यूसुफ को कड़े मुकाबले में 15-8, 8-15, 15-8 से शिकस्त दी। युगल वर्ग में रुद्रांश मिश्रा और श्रियांशु रंजन की जोड़ी ने कार्तिक शुक्ला और शान सिंह को 16-14, 15-13 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव दुर्गेश प्रताप सिंह, कार्यकारी सचिव सौरभ श्रीवास्तव व सत्यम झा, भाजपा जिला संयोजक नागेंद्र शुक्ला, अमित सैनी, तारुगा के सीईओ तपस रंजन, ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर अमित कुमार अग्रवाल, प्रबंध निदेशक पूनम अग्रवाल, नेट क्रैशर बैडमिंटन अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं चीफ इवेंट कंट्रोलर राहुल शुक्ला आदि मौजूद रहे।

