किरायेदार और ड्रोन संचालकों के सत्यापन के निर्देश, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
Kanpur । विकास कार्यों में देरी और जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बिजली,कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की।
बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर कराते हुए आवश्यकतानुसार उन्हें पोस्टपेड में बदला जाए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलने और विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रत्येक उपकेंद्र पर स्थानीय स्तर पर शिकायत निस्तारण केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा में मंत्री ने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने के साथ ही ड्रोन संचालकों के सत्यापन के भी निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने गर्ल्स कॉलेज और छात्रावासों के आसपास पुलिस की प्रभावी तैनाती और एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता बढ़ाने को कहा। वर्ष 2025 से पूर्व लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की औसत ओपीडी की निगरानी के निर्देश दिए और निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी डॉक्टर द्वारा निजी अस्पताल संचालन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।नगर विकास कार्यों में मैनावती मार्ग के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देते हुए मंत्री ने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए।
बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


