मां के आरोपों के बाद खुली जांच की नई परत, एनआरआई सिटी पहुंची पुलिस ने ट्यूशन टीचर और अन्य लोगों से की पूछताछ
Kanpur । एनआरआई सिटी में 13 वर्षीय प्रखर त्रिवेदी की मौत के मामले में करीब छह माह बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नवाबगंज पुलिस ने किशोर के पिता, दादा-दादी और ताऊ के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर पहले से सवाल उठ रहे थे, क्योंकि मृतक की मां लगातार हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रही थीं।
बीते वर्ष दिसंबर में एनआरआई सिटी के टोपाज टावर-3 की नौवीं मंजिल से गिरने से प्रखर की मौत हो गई थी। उस समय इसे आत्महत्या या दुर्घटना से जोड़कर देखा गया था। परिवार के कुछ सदस्यों का कहना था कि ट्यूशन टीचर की शिकायत पर डांट पड़ने से आहत होकर किशोर ने यह कदम उठाया था। अब पुलिस उसी घटनाक्रम की दोबारा जांच कर रही है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन फ्लैट पर ताला मिला। रविवार को मृतक की मां बोस्की त्रिपाठी को साथ लेकर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची। वहां मौजूद आया और ट्यूशन टीचर से पूछताछ की गई। जांच टीम घटना से जुड़े हर पहलू को खंगालने में जुटी है।
मां ने शुरू से जताई थी हत्या की आशंका
मृतक की मां बोस्की त्रिपाठी का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई थी। उनका कहना है कि पारिवारिक विवाद और संपत्ति को लेकर बेटे पर दबाव बनाया जाता था। उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर बेटे को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए हैं। बोस्की का दावा है कि घटना के बाद भी उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई।
अब साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस पुराने बयानों, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की दोबारा समीक्षा कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। हाई-प्रोफाइल बन चुके इस मामले में अब पुलिस की अगली जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।


