दिव्यांग शिविर में 24 को मिले प्रमाण पत्र, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयसीमा में शिकायतें निपटाने के निर्देश
Kanpur । घाटमपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी 214 शिकायतें आईं। इनमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को समय से राहत मिली।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 111 शिकायतें आईं, जबकि पुलिस विभाग की 43, विकास विभाग की 18, नगर पालिका की 11 और विद्युत विभाग की 10 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा अन्य विभागों से संबंधित मामले भी पहुंचे। राजस्व से जुड़े प्रकरणों में गणेश कुमार की खतौनी में बालिग दर्ज कराने, हनीफ खां के पिता का नाम और गंगाप्रसाद के पते में दर्ज त्रुटि को मौके पर सुधारा गया।
वहीं, वृद्धावस्था पेंशन के तीन मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी गई।जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। अधिकारी मौके पर जांच कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाली कार्रवाई करें। किसी भी व्यक्ति को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
24 दिव्यांगजनों को जारी हुए प्रमाण पत्र
समाधान दिवस में लगाए गए विशेष शिविर में मेडिकल बोर्ड ने 38 दिव्यांगजनों का परीक्षण किया। इनमें 24 पात्र लोगों को मौके पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र दिए गए। 11 को आगे की जांच के लिए भेजा गया, जबकि छह लोगों का सहायक उपकरण और दो का पेंशन के लिए पंजीकरण किया गया।
ईवीएम केंद्र का भी किया निरीक्षण
डीएम ने तहसील परिसर में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण कर वीवीपैट और ईवीएम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक भी किया। इस दौरान एसडीएम घाटमपुर, तहसीलदार और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

