लीग में आठ गोल कर हासिल किया पहला स्थान, चारों टीमें अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान सीएसजेएमयू और आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ की टीमें निर्धारित समय तक गोल करने में नाकाम रहीं और मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा।
प्रतियोगिता के नियमों के मुताबिक पेनल्टी शूटआउट का प्रावधान नहीं था। ऐसे में लीग चरण में किए गए कुल गोल के आधार पर सीएसजेएमयू को विजेता घोषित किया गया। मेजबान टीम ने आठ गोल किए, जबकि आईआईएमटी मेरठ की टीम पांच गोल ही कर सकी।
इससे पहले आईआईटी कानपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबलों में सीएसजेएमयू ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को 5-1 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। वहीं, आईआईएमटी मेरठ ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी को 2-0 से शिकस्त दी। काशी विद्यापीठ ने अगले मुकाबले में वापसी करते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को 1-0 से पराजित किया। लीग के समापन पर सीएसजेएमयू आठ गोल के साथ शीर्ष पर रहा।
आईआईएमटी मेरठ को दूसरा, तीन अंकों के साथ काशी विद्यापीठ को तीसरा और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को चौथा स्थान मिला।
केरल में दिखाएंगे दम प्रतियोगिता की शीर्ष चारों टीमों ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इनमें सीएसजेएमयू कानपुर, आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय शामिल हैं। अखिल भारतीय प्रतियोगिता एक से सात जनवरी 2027 तक केरल के कन्नूर में आयोजित होगी।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विजेता टीम को बधाई देते हुए अखिल भारतीय प्रतियोगिता और आगामी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। इस अवसर पर एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. सक्कीर हुसैन, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय और सचिव खेल शुभम हज़ारिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

