नवागत खंड शिक्षा अधिकारी ने संभाला कार्यभार, बोले- निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षक करें मेहनत
Kanpur । कल्याणपुर ब्लॉक के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह कानपुर देहात के सरवनखेड़ा ब्लॉक में तैनात थे। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। शिक्षकों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाने के साथ निपुण लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए जाएंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में पढ़ाई का ऐसा माहौल तैयार किया जाए, जिससे कान्वेंट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक भी परिषदीय विद्यालयों की ओर आकर्षित हों। इसके लिए शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना होगा।उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षक और कर्मचारी आपसी समन्वय से काम करें।
शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाना भी प्राथमिकता रहेगी। इस दौरान अमिता, बृजनंदन, वीरेंद्र पुरी, शिवांगी, प्रीति, प्रभात और रेशमा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

