Kanpur। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप शूटिंग अकादमी में 15 से 23 मई तक ओपन इंडिया राइफल-शूटिंग प्रतियोगिता चल रही है। इसमें शहर की पैरा शूटर अपूर्वा कटियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
प्रतियोगिता में अपूर्वा ने एसएच-1 कैटेगरी की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा के स्टैंडिंग और प्रोन दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर कानपुर का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। द परफैक्ट राइफल शूटिंग अकादमी से प्रशिक्षण ले रही अपूर्वा पेशे से डॉक्टर हैं और कानपुर के एक अस्पताल में सेवाएं दे रही हैं।
व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने कठिन मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास जारी रखा। अकादमी के कोच व सचिव अमर निगम, अविरल निगम ने अपूर्वा की उपलब्धि पर बधाई देते हुए आगामी चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।


