Kanpur । डीपीएस आजाद नगर व जिला फुटबाल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अन्तर स्कूल आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच गुरुवार को खेला गया। इसमें जयपुरिया स्कूल ने सर पदमपत सिंहानिया स्कूल को हराकर खिताब अपने नाम किया।
डीपीएस आजादनगर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही जयपुरिया के खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई और सिंहानिया के प्रमुख खिलाड़ियों नवजोत सिंह और सूर्य सागर पांडे को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जयपुरिया की सधी हुई डिफेंस और तेज आक्रमण ने पूरे मैच में विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के 15वें मिनट में समर्थ गुरनानी ने बेहतरीन हेडर के जरिए गोल दागकर जयपुरिया को बढ़त दिलाई।
गोल के बाद सिंहानिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जयपुरिया की रक्षापंक्ति ने उनके सभी प्रयास विफल कर दिए। दूसरे हाफ में मुकाबला और तेज हुआ। सिंहानिया की टीम बराबरी के लिए लगातार आक्रमण करती रही, लेकिन जयपुरिया ने संयमित खेल दिखाया। इसी दौरान जयपुरिया के लेफ्ट विंग खिलाड़ी गुरयांश ने शानदार क्रॉस दिया, जिस पर समर्थ गुरनानी ने एक और दमदार हेडर लगाकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद सिंहानिया की टीम वापसी नहीं कर सकी और जयपुरिया ने 2-0 से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता में सिंहानिया के नवजोत सिंह को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जबकि फाइनल में दो गोल दागने वाले जयपुरिया के समर्थ गुरनानी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। सिंहानिया के आराध्या उपाध्याय को बेस्ट गोलकीपर और सूर्य सागर पांडे को बेस्ट प्लेयर चुना गया। जयपुरिया के रिद्वित चावला और डीपीएस आजाद नगर के आरके देव सिंह को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि आलोक मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
प्रतियोगिता के संचालन में स्पोर्ट्स इंचार्ज संजय पाल ने किया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका शरद जैसवाल, आनंद साहू और सुनीत्य कुमार ने निभाई। इस मौके पर इस मौके पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव अजीत सिंह, डीबी थापा, सुनील कुमार, वीरेन्द्र कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।


