52 गेंदों पर 70 रन की पारी खेल अंकुर बने मैन ऑफ द मैच
Kanpur। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में चल रहे बीपी क्रिकेट लीग में खेले गए मैच में फेयरडील फाइटर ने बुकशॉप ब्लास्टर्स को सात विकेट से पराजित किया। 52 गेंद पर 8 चौके व एक छक्के की मदद से 70 रन की पारी खेलने वाले अंकुर श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
आर्य नगर स्थित टीएसएच मैदान पर हुए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बुकशॉप ब्लास्टर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान आनंद त्रिपाठी ने 38 गेंद पर 52 रन की तूफानी पारी खेली। शादाब ने 20 रन, राहुल जैन ने 21 रन बनाए। गेंदबाजी में शिव प्रकाश ने तीन और तुषार दुग्गल ने दो विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी फेयलडील फाइटर ने 19.2 ओवर में 3 विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से अंकुर श्रीवास्तव ने 70 रन, तुषार दुग्गल ने 45 रन बनाए। गेंदबाजी में आशीष, शादाब, राहुल को एक-एक विकेट मिला। विजेताओं को मयंक बाजपेई ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नीलेश खंडेलवाल, अश्वनी गुप्ता, दीपक आदि मौजूद रहे।


