एलनहाउस पब्लिक स्कूल में होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता, चार आयु वर्गों में उतरेंगे खिलाड़ी
Kanpur । योगासन में प्रतिभा और कौशल दिखाने के लिए जिले के खिलाड़ियों को मंच मिलने जा रहा है। कानपुर जिला योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को एलनहाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड के विद्यालयों के साथ विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, योग अकादमियों और योग क्लबों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश योगा एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन से संबद्ध कानपुर योगा एसोसिएशन की ओर से आयोजित चैंपियनशिप का उद्देश्य जिले में योगासन खेल को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है। प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को योगासन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
चार वर्गों में होंगी स्पर्धाएं
चैंपियनशिप में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के मुकाबले होंगे। सब-जूनियर वर्ग में छह से 12 वर्ष, जूनियर में 12 से 18 वर्ष और सीनियर वर्ग में 18 से 30 वर्ष तक के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। मास्टर वर्ग में 30 से 35, 35 से 45, 45 से 55 और 55 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। निर्धारित आयु समूहों के अनुसार बालक-बालिकाओं और पुरुष-महिलाओं की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
एसोसिएशन ने की अपील
कानपुर योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, योग संस्थानों और योग क्लबों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता जिले में योगासन खेल के विस्तार और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आयोजन के लिए योगाचार्य नेहा गुप्ता को बालिका एवं महिला वर्ग तथा अमित कुमार योगी को बालक एवं पुरुष वर्ग का आयोजन सचिव बनाया गया है। प्रतीव निगम (अधिवक्ता) प्रतियोगिता निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगे।


