केएसएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट में 168 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Kanpur। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में सोमवार को शुरू हुए दो दिवसीय केएसएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन के मुकाबलों में जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर समेत छह विद्यालयों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका दत्त और आयोजन सचिव सुनील शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टूर्नामेंट में शहर के विभिन्न विद्यालयों के 168 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पहले दिन जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर ने एलन हाउस पब्लिक स्कूल को 26-5 से हराया। गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने युगम इंटरनेशनल को 18-12 से शिकस्त दी। द जैन इंटरनेशनल स्कूल ने गार्डेनिया पब्लिक स्कूल को 36-22 से पराजित किया। जय नारायण विद्या मंदिर ने द चिंटल्स स्कूल को 22-2 से हराकर दमदार जीत दर्ज की। सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर ने प्रताप इंटरनेशनल स्कूल को 28-8 से मात दी। वहीं, गुरु नानक मॉडर्न स्कूल ने गौरव मेमोरियल को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। आयोजन सचिव सुनील शुक्ला के अनुसार, प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को मुकाबले सुबह आठ बजे से खेले जाएंगे। समापन समारोह दोपहर दो बजे विद्यालय सभागार में होगा।इस मौके पर अविरल सिंह चौहान, कमलेश यादव, अजय सिंह और गौरव उपाध्याय आदि मौजूद रहे।


