एफआईडीई रेटेड रैपिड प्रतियोगिता में विजेता को मिलेंगे 45 हजार रुपये, 22 तक पंजीकरण
Kanpur । आईआईटी कानपुर में 25 अक्तूबर को दूसरी एफआईडीई रेटेड ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आईआईटी कानपुर का शतरंज क्लब एसबीआई जनरल इंश्योरेंस और भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से यह प्रतियोगिता होगी। इसमें देशभर से 336 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मुकाबले सुबह नौ बजे से न्यू स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर (एसएसी) के योग हॉल में होंगे। स्विस प्रणाली के तहत नौ राउंड खेले जाएंगे। प्रत्येक बाजी के लिए 10 मिनट और हर चाल पर पांच सेकंड का अतिरिक्त समय मिलेगा। विजेता को 45 हजार, उपविजेता को 30 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। 25वें स्थान तक के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार मिलेगा।
महिला, वरिष्ठ और विभिन्न आयु व रेटिंग वर्गों के खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। अंडर-8 से अंडर-16 तक के आयु वर्गों में शीर्ष तीन खिलाड़ियों को ट्रॉफी दी जाएगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर है। प्रवेश शुल्क 1,250 रुपये और आईआईटी कानपुर के विद्यार्थियों व संस्थान समुदाय के सदस्यों के लिए 1,000 रुपये है।
ग्रैंडमास्टर और इंटरनेशनल मास्टर सहित संबंधित खिताब प्राप्त खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निशुल्क है। खिलाड़ियों के पास एआईसीएफ का वैध पंजीकरण होना जरूरी है। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए यूपीसीएसए का पंजीकरण भी अनिवार्य है। इच्छुक खिलाड़ी https://forms.gle/G49DRrE2FwwSi2xx6 पर पंजीकरण करा सकते हैं।


