Kanpur । गोविंद नगर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से मोबाइल स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को गोविंद नगर क्षेत्र में ऑटो रुकवाकर एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया गया था।
पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत स्थापित कैमरों से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जूही यार्ड के पास घेराबंदी कर मयंक खुशवानी (19) और सागर राठौर (25) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
गोविंद नगर पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही, जिससे घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।


