Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री का करीब दो लाख रुपये मूल्य का खोया हुआ सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यात्रियों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत किया है।
प्रयागराज के झलवा निवासी अनूप कुमार पाण्डेय किसी कार्य से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन परिसर में भ्रमण के दौरान उनका बैग कहीं छूट गया। बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। काफी तलाश के बावजूद जब बैग नहीं मिला तो उन्होंने जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल पहुंचकर इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उपनिरीक्षक मनोज कुमार, क्यूआरटी टीम और प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को खोज अभियान में लगाया गया। पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में सघन जांच और तलाशी अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 से यात्री का बैग सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। जीआरपी ने बैग में मौजूद लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद उसे उसके वास्तविक मालिक अनूप कुमार पाण्डेय को सौंप दिया।
अपना कीमती सामान वापस मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली और जीआरपी कानपुर सेंट्रल की तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।


