नगर विकास मंत्री को सौंपा प्रस्ताव, नाले को अंडरग्राउंड कर ऊपर सड़क बनाने की मांग
Kanpur। दक्षिण कानपुर की वर्षों पुरानी और गंभीर जनसमस्या ‘रफाका नाला’ के स्थायी समाधान को लेकर गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने पहल तेज कर दी है। उन्होंने प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के शर्मा से लखनऊ स्थित कार्यालय में मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खुले रफाका नाले को अंडरग्राउंड कर उसके ऊपर सड़क निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
विधायक ने बताया कि मसवानपुर सराय चौराहा (आवास विकास-3) से शुरू होकर विजय नगर, सीटीआई चौराहा, बर्रा-8 और तात्या टोपे नगर होते हुए पांडु नदी तक जाने वाला रफाका नाला दक्षिण कानपुर की जल निकासी का मुख्य मार्ग है। लेकिन कई हिस्सों में इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। खुले नाले से उठने वाली दुर्गंध और जहरीली गैसों के कारण आसपास रहने वाले लोग श्वसन रोग, एलर्जी और संक्रमण जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खुले नाले के चलते आए दिन बच्चे, राहगीर और मवेशी दुर्घटनाओं का शिकार होते रहते हैं। विधायक मैथानी ने कहा कि यह समस्या केवल स्वास्थ्य और सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की छवि को भी प्रभावित कर रही है।
उन्होंने सुझाव दिया कि बर्रा विश्व बैंक और सीओडी क्रॉसिंग की तर्ज पर रफाका नाले को भी ढककर उसके ऊपर सड़क बनाई जाए। इससे दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी, दुर्गंध से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।


