Kanpur । 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में आयोजित योग सप्ताह का शनिवार को समापन हो गया। मुख्य समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. समशेर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ, संतुलित जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। वरिष्ठ योगाचार्य डॉ. रविंद्र पोरवाल ने योग के वैज्ञानिक और चिकित्सीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे तनावमुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम बताया।

संयोजक डॉ. विकास यादव ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ है, जो बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने का संदेश देती है। योगगुरु आचार्य विपिन पथिक ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान और योग निद्रा का अभ्यास कराया।

योग सप्ताह के दौरान बिठूर, अटल घाट, वृद्धाश्रम, लुधवा खेड़ा गांव और विभिन्न पार्कों में जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समापन समारोह में रजिस्ट्रार अमित कुमार राठौर सहित कई शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। अंत में योग सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कुलपति ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।


