मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 17 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : घाटमपुर उप डाकघर घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
कानपुर

Kanpur : घाटमपुर उप डाकघर घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Akash Chaudhary

ग्रामीणों से खाता खुलवाने और रकम जमा कराने के नाम पर करोड़ों की ठगी, डाककर्मियों की मिलीभगत भी आई सामने

 

Kanpur। घाटमपुर उप डाकघर में खाताधारकों के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित शैलेंद्र पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में डाकघर के कर्मचारियों की मिलीभगत से ठगी का खेल चलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस पूछताछ में शैलेंद्र ने बताया कि वह कई वर्षों तक अस्थायी तौर पर डाक सेवक के रूप में काम कर चुका है। स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर उसने न्यायालय में याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद वह घाटमपुर डाकघर में कार्यरत अपने चाचा के साथ सहायक के रूप में काम करने लगा।

 

कर्ज चुकाने के लिए शुरू की ठगी
आरोपित के मुताबिक, वर्ष 2015 में बेटी की शादी के बाद उस पर तीन लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने उप डाकघर में तैनात रहे एक क्लर्क से संपर्क किया। आरोप है कि क्लर्क ने एजेंसी के माध्यम से लोगों की जमा पूंजी हड़पने का तरीका सुझाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
शैलेंद्र ग्रामीणों से डाकघर में खाता खुलवाने और उसमें रकम जमा कराने के नाम पर रुपये लेता था। इस रकम में उसका हिस्सा तय था, जबकि करीब 70 प्रतिशत हिस्सा पूर्व में तैनात बाबू को मिलता था।

बाबू बदलते ही बढ़ गया हिस्सा
पूछताछ में शैलेंद्र ने बताया कि वर्ष 2020 में संबंधित बाबू की जगह नरेश शाह की नियुक्ति हुई। आरोप है कि नरेश शाह ने उसे धमकाकर ठगी की रकम में अपना हिस्सा बढ़ाकर 80 प्रतिशत कर लिया।

पुलिस की ओर से डाकघर के अभिलेखों की जांच में पता चला कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच सबसे बड़ा लेनदेन करीब 25 से 29 लाख रुपये का हुआ था। पुलिस अब अभिलेखों और लेनदेन का मिलान कर घोटाले की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस खेल में कितने कर्मचारी और अन्य लोग शामिल थे।