सीएसजेएमयू ने अमिटी नोएडा को 2-1 से हराया, चौथे दिन नौ मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का दम
Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर में आयोजित सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के चौथे दिन मंगलवार को नौ मैच संपन्न हुए। इनमें चार मुकाबले विश्वविद्यालय परिसर और पांच आईआईटी कानपुर के मैदान पर खेले गए। दिन के मुकाबलों में सैम हिगिनबॉटम विश्वविद्यालय ने 9-0 से सबसे बड़ी जीत दर्ज की, जबकि मेजबान सीएसजेएमयू ने अमिटी विश्वविद्यालय नोएडा को 2-1 से पराजित किया।
विश्वविद्यालय परिसर में खेले गए पहले मुकाबले में मेजबान सीएसजेएमयू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमिटी विश्वविद्यालय को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में अमिटी विश्वविद्यालय नोएडा ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को 4-2 से हराया। तीसरे मुकाबले में बर्कतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर को 2-0 से शिकस्त दी। चौथे मैच में रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा को 5-0 से पराजित किया।
आईआईटी में खेले गए पांचवें मुकाबले में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय को 5-0 से हराया। छठवें मुकाबले में छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय ने स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के खिलाफ 1-0 से जीत हासिल की। सातवें मुकाबले में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की टीम के मैदान पर उपस्थित नहीं होने के कारण मेडी-कैप्स विश्वविद्यालय को वॉकओवर दिया गया।
आठवें मैच में सैम हिगिनबॉटम विश्वविद्यालय ने रानी अवंती बाई लोधी राज्य विश्वविद्यालय को 9-0 से करारी शिकस्त दी। नौवें मुकाबले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को 4-0 से पराजित किया। इस मौके पर सचिव खेल एवं आयोजन सचिव शुभम हजारिया समेत अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।

