सुबह 7:30 से 12:30 तक चलेंगी कक्षाएं, 81 स्कूलों के लिए अलग टाइम-स्लॉट; आदेश तोड़ा तो होगी कड़ी कार्रवाई
Kanpur । जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी जितेन्द्र सिंह ने सभी स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है।
नए आदेश के अनुसार अब जनपद के सभी बोर्डों—यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि छात्र-छात्राओं को राहत मिल सके और वे सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहर के 81 चिन्हित स्कूलों के लिए अलग टाइम-स्लॉट निर्धारित किया गया है। इन विद्यालयों में ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सामान्य समय से अलग संचालन व्यवस्था लागू होगी।
जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई भी स्कूल आदेश का उल्लंघन करता पाया गया या निर्धारित समय से अधिक कक्षाएं संचालित करता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण टीमें गठित कर नियमित जांच सुनिश्चित करें, ताकि सभी स्कूलों में आदेशों का कड़ाई से पालन हो सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।


