Gonda। रूपईडीहा के ब्लॉक सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार को लेकर गहन मंथन हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकों ने मौजूदा शैक्षिक चुनौतियों पर चिंता जताते हुए ठोस सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा पद्धति में सुधार जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छात्रों के नैतिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नवाचार और समर्पण की आवश्यकता बताई गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक पुष्कर तिवारी और निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार की देखरेख में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। मोहित कुमार द्विवेदी को अध्यक्ष, विपिन यादव को महामंत्री और नितिन कनौजिया को कोषाध्यक्ष चुना गया। राम मिलन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हीरा लाल, मंजू यादव, हर्षवर्धन, अंकित वर्मा और अरविंद कुमार को संगठन मंत्री बनाया गया, जबकि किरन यादव, सूर्य प्रताप खरवार, कन्हैया विश्वकर्मा और मुकुंद खरवार को उपाध्यक्ष घोषित किया गया। सुमित कुमार को मीडिया प्रभारी और रवि कांत, सोनू लाल, प्रविंद कुमार व अभिषेक मिश्रा को प्रचार मंत्री नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, जिलामंत्री आशीष द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया गया।


