Kanpur। शहर में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान ने एक बार फिर सख्ती का संदेश दिया है। बिल्हौर क्षेत्र में बिल्हौर–ककवन रोड और अरौल–मकनपुर मार्ग पर संयुक्त टीम की अचानक हुई चेकिंग ने ओवरलोडिंग करने वालों में हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान 9 वाहनों को सीज कर दिया गया,
जबकि 9 लाख 49 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग, पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बैरियर लगाकर वाहनों की गहन जांच की। जांच में कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री लदे पाए गए, जिस पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने चालकों को ओवरलोडिंग से होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इससे न केवल सड़कें जल्दी खराब होती हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है।
उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सके।


