Kanpur। रेलवे में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल को बड़ी सफलता मिली। गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया।
उनके कब्जे से हरियाणा निर्मित करीब 33 लीटर यानी 45 बोतल महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपाधीक्षक कानपुर शेषमणि उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह और जीएमसी गोविंदपुरी पोस्ट प्रभारी सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को करीब 1:30 बजे गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के हावड़ा एंड के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान चार पिट्ठू बैग और झोलों के साथ संदिग्ध हालत में ट्रेन का इंतजार कर रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
बैग खुलते ही पुलिस को महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। पूछताछ में आरोपितों की पहचान जिपेश कुमार और रवि कुमार उर्फ दिवाकर उर्फ बिजलेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी में थे। शराब की खेप लेकर दोनों ट्रेन से बिहार जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही जीआरपी के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, पोस्ट प्रभारी सुनील कुमार वर्मा, सीआईबी विंग प्रभारी अमित चौधरी, उपनिरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार, शिव सिंह, जितेंद्र कुमार, वेश खान, एसएसआई मुकेश कुमार, जय प्रकाश पाठक, कांस्टेबल नागेंद्र कुमार मौर्य, मनीष कुमार और रिंकू आरपीएफ शामिल रहे।


