लाखों की हार, कर्ज का दबाव और धमकियां… परिवार बोला- सट्टेबाजों ने छीनी बेटे की जिंदगी
Kanpur । आईपीएल सट्टे की लत ने एक और युवक की जिंदगी निगल ली। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के न्यू शिवली रोड स्थित रास प्लाजा होटल में गुरुवार को युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रशांत दीक्षित के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि सट्टे में लाखों रुपये हारने के बाद मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

परिजनों के अनुसार प्रशांत गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह ऑफिस न जाकर सीधे रास प्लाजा होटल पहुंच गया। सुबह करीब 10:45 बजे उसने होटल में कमरा नंबर 302 बुक कराया। होटल कर्मचारियों से उसने कहा था कि शाम पांच बजे तक कमरा खाली कर देगा।
शाम तक कमरे से कोई हलचल न होने और इंटरकॉम कॉल का जवाब नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ।
कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो होटल प्रबंधन ने कल्याणपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो प्रशांत का शव बेड की चादर से बने फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
मृतक के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने बताया कि प्रशांत पिछले कुछ महीनों से आईपीएल और अन्य ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे की लत में फंस गया था। इस दौरान वह करीब चार से पांच लाख रुपये हार चुका था और कर्ज के बोझ तले दब गया था। परिवार का आरोप है कि क्षेत्र के तीन युवक लगातार उस पर रुपये लौटाने और दोबारा सट्टा खेलने का दबाव बना रहे थे।
रुपये न देने पर उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था।पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच शुरू कर दी है। होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इंस्पेक्टर कल्याणपुर संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर संबंधित युवकों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


