Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रथम सुनील तिवारी स्मारक अंडर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग में केडीएमए एकेडमी ने नगरनिगम को 10 विकेट से करारी मात दी। जीत में वीर सिंह ने शतकीय और अमृत ने अर्द्धशतकीय पारी खेली।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-बी मैदान पर खेले गए मुकाबले में नगरनिगम की टीम ने 35 ओवर में आठ विकेट पर 200 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। टीम से आजाद द्विवेदी ने 56 रन, फरहान अजहर ने 35, अजफर अमन ने 26 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में शिवांश राय, माधव गुप्ता और अनिरुद सिंह ने दो-दो विकेट और अमृत ने एक विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडीएमए एकेडमी की टीम ने वीर सिंह की 63 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 105 रन की शतकीय पारी और अमृत के नाबाद 81 रन के दम पर 21.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 204 रन बनाकर मैच जीता। शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच वीर सिंह को चुना गया।


