Kanpur । उत्तर मध्य रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने शनिवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने रेलवे होल्डिंग एरिया और स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मीडिया से बातचीत में एडीआरएम दीपक कुमार ने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी दो वर्षों में कानपुर सेंट्रल स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यात्रियों को यहां एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों को अधिक सुगम बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। वहीं वेटिंग हॉल, प्लेटफॉर्म और प्रकाश व्यवस्था को भी अत्याधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एडीआरएम ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त रैक तैयार रखे गए हैं। यदि स्टेशन पर भीड़ बढ़ती है तो तत्काल प्रभाव से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुरक्षा व सुगम आवागमन के लिए आरपीएफ और जीआरपी को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। रेलवे के इस सक्रिय कदम से यात्रियों में बेहतर सुविधाओं की उम्मीद बढ़ी है।


