आनंदेश्वर मंदिर में भीड़, यातायात, पार्किंग और महिला सुरक्षा को लेकर बनी रणनीति
Kanpur । सावन मेले में बाबा आनंदेश्वर महादेव के दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संतों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
गुरु मूर्ति परम पूज्य हितेश्वर गिरी जी महाराज और थानापति पूज्य अत्रीवन जी महाराज ने श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, महिला सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संतों ने प्रशासन से अपील की कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस कमिश्नर ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा मंदिर प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर व्यवस्था संचालित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में जूना अखाड़ा के मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार अंश भी उपस्थित रहे।


