Kanpur । केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर में 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत बास्केटबाल बालक वर्ग की पांच दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार अंडर-17 व अंडर-14 वर्ग के मैचों में कांटे हुए।
दूसरे दिन प्रतियोगिता के अंडर-17 के पहले मुकाबले में आगरा ने देहरादून को 37-34 से हराकर करीबी मुकाबला जीता। दूसरे मुकाबले में वाराणसी ने लखनऊ को 35-31 के अंतर से हराया। तीसरे मुकाबले में मुंबई ने लखनऊ को 38-36 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। चौथे मैच में वाराणसी ने बंग्लुरू पर 17-15 से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर अंडर-14 वर्ग के पहले मुकाबले में हैदराबाद ने दिल्ली को 32-8 से एकतरफा मुकाबले में हराया। ऐसे ही पटना ने एर्नाकुलम को 31-5 से एकतरफा मुकाबले में पटखनी दी। तीसरे मैच में चंडीगढ़ ने हैदराबाद को 47-33 से शिकस्त दी। चौथे मैच में मुंबई ने जयपुर को 17-14 से हराया।
पांचवें मुकाबले में वाराणसी ने देहरादून को 23-20 के अंतर से मात दी। तो छठवें मुकाबले में चेन्नई ने अहमदाबाद को 30-27 से पराजित किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रिंसिपल रवीश चंद्र पांडेय, खेल शिक्षिका वंदना सिंह राठौड़, मुख्य अध्यापिका विनीता तिवारी, प्रियंका तिवारी, विद्यावती, डॉ. रूपम मिश्रा, एसके द्विवेदी आदि मौजूद रहे।


